अंबेडकरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला पौधरोपण समिति की बैठक को सम्बोधित करते जिलाधिकारी विवेक।
- फोटो : अमर उजाला
जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक सोमवार को जिलाधिकारी विवेक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें मौजूदा वित्तीय वर्ष में वन विभाग द्वारा रोपित किए जाने वाले पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस वर्ष विभाग पूरे जनपद में 519 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर पौधरोपण किया जाएगा। कुल आठ लाख 10 हजार 170 पौधे लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कहा कि सरकार पौधरोपण व उसके संरक्षण को लेकर काफी गंभीर है। ऐसे में अधीनस्थों को इसके बेहतर क्रियान्वयन के लिए पूरा प्रयास करना होगा। कहा कि इस वर्ष शासन से आठ लाख 10 हजार 170 पौधे रोपित होंगे।
इसके लिए 519.76 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है। डीएफओ एके शुक्ल ने बताया कि सभी नौ ब्लॉकों में पौधरोपण का कार्य किया जाएगा। अकबरपुर में 11, भीटी में आठ, कटेहरी में नौ, बसखारी में आठ, टांडा में आठ, जलालपुर में 10, भियांव में 15, जहांगीरगंज में नौ व रामनगर के 10 स्थानों पर पौधरोपण होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी रामसूरत पांडेय, टांडा तहसीलदार राजेश सिंह समेत सभी तहसीलदार व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।