अंबेडकरनगर। मीरानपुर निवासी समाजसेवी और फुटबॉल खिलाड़ी फिरोज अशरफ खान (50) के निधन से खेल जगत सहित सर्वसमाज में शोक छा गया। वे जिला फुटबॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मुहम्मद अरशद खान के भतीजे थे। फिरोज अशरफ हृदय रोग से पीड़ित थे और लखनऊ में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार शाम को उनके निधन का समाचार मिलते ही आवास पर लोगों का तांता लग गया।
रविवार को अयोध्या मार्ग स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। नमाज-ए-जनाजा हाफिज नसीरुद्दीन ने पढ़ाई। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव गिरिजा शंकर सिंह, उपाध्यक्ष देवानंद शर्मा, इकरामुल हक, सुधीर चतुर्वेदी, मंसूर खान ने शोक प्रकट किया। जिला क्रिकेट संघ के राकेश सोनकर, हादी रजा मशहदी, अजय श्रीवास्तव, बाकर रजा बब्लू सहित अन्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि दी। (संवाद)