अंबेडकरनगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने जांच अभियान चलाकर दो ढाबों से दही व पनीर का नमूना लिया। बाद में इसे जांच के लिए भेज दिया गया। साथ ही ढाबा संचालकों को साफ-सफाई के लिए चेताया गया। शनिवार को जिला अभिहीत अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रत्नाकर पाण्डेय, हंसराज प्रसाद व शैलेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने एनटीपीसी खैरपुर पहुंचकर यदुवंशी ढाबे का जायजा लिया।
मिलावट के संदेह में पनीर का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने बगल स्थित यादव ढाबा पर छापा मारा। यहां मिलावट का संदेह होने पर दही का नमूना लिया। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि दोनों नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया। साथ ही ढाबा संचालकों को निर्देशित किया गया कि साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। शासन की गाइड लाइन के अनुसार समय समय पर ढाबे को सैनिटाइज भी किया जाता रहे। इसमें लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।