अंबेडकरनगर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को कई दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने शुकुलपट्टी बाजार से एक बर्फ की दुकान से जांच के लिए पाउच में सील बंद पानी का नमूना भी लिया। इसके अलावा 9 बोरियों में पैक्ड पानी के पाउच को सीज कर दिया। साथ ही उपभोक्ताओं को मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थ का सेवन न करने के लिए जागरूक किया। कहा कि सामानों की खरीददारी करते समय पैकेट पर अंकित सूचनाओं पर गौर से पढ़ें। दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
अभिहित अधिकारी राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव व केके उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को शुकुलपट्टी बाजार में स्थित एक बर्फ विक्रेता की दुकान पर छापेमारी की। तलाशी में पता चला कि उसके द्वारा पाउच में सीलबंद कर पानी की बिक्री की जाती है। जांच में प्रथम दृष्टया पाउच पैकिंग में मनमानी सामने आयी। टीम ने पानी का नमूना लेने के साथ ही मौके पर मौजूद नौ बोरी में पैक पानी के पैकेट को सीज कर दिया। इसके अलावा टीम ने बसखारी में मिठाईवाला स्वीट्स हाउस से पनीर का नमूना लिया।
टीम ने जांच अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को दूषित व मिलावटी खाद्य पदार्थ का सेवन न करने का आह्वान किया। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रत्नाकर पाण्डेय, चित्रसेन, भानुप्रताप सिंह व गुलाबचन्द्र गुप्त आदि मौजूद रहे।