टांडा। अलीगंज थाना क्षेत्र में चोरी के शक में एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार को एक वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई।
मामला टांडा नगर क्षेत्र का है। सामने आए वीडियो में साफ दिखाई दिया कि अलीगंज थाना क्षेत्र के कस्बा पश्चिम पुलिस चौकी पास बिजली के खंभे से बांधकर एक युवक की पिटाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसने एक महिला का मोबाइल चुरा लिया था। उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो उसने इंकार कर दिया। सख्ती बरतने पर उसके पास से मोबाइल बरामद हो गया।
इसके बाद लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। फिर सड़क किनारे बिजली के खंभ से दोनों हाथ बांध दिए गए फिर उसकी पिटाई की गई। इसी बीच वह महिला भी वहां आ गई, जिसकी मोबाइल चोरी होना बताया जा रहा था। उसने बेल्ट से युवक की पिटाई शुरू कर दी।
वीडियो में दिख रहा है कि युवक के कपड़े फट गए। उसके कान के पास से खून रिसता भी दिखा। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के ठीक बगल में ऐसी घटना होने पर चिंता जाहिर की है। उधर, एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था। अब छानबीन की जाएगी। जो तथ्य सामने आएंगे उसी हिसाब से कार्रवाई होगी।