अंबेडकरनगर सरयू नदी के जलस्तर बढने से गांव में पंहुचा बाढ का पानी
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
टांडा। सरयू के जलस्तर में लगातार वृद्धि का दौर जारी है। मंगलवार को जलस्तर खतरे के निशान से 78 सेमी. ऊपर बहने लगा। नतीजा यह है कि न सिर्फ माझा क्षेत्र के गांव, बल्कि शहरी क्षेत्र के आधा दर्जन मोहल्लों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। इससे संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सरयू नदी के जलस्तर में एक बार फिर से वृद्धि शुरू हो गई है। गौरतलब है कि बीते दिनों जलस्तर में हुई वृद्धि के बाद जलस्तर स्थिर हो गया था। इससे माझा क्षेत्र के साथ ही अन्य नागरिकों ने राहत की सांस ली थी। गत दिवस एक बार फिर से जलस्तर में वृद्धि शुरू हो गई। लगातार बढ़ते जलस्तर का नतीजा रहा कि मंगलवार को सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान 92.73 मीटर से 78 सेमी. ऊपर बहने लगा। इसके चलते बाढ़ का पानी नाले में पहुंचकर शहरी क्षेत्र के आधा दर्जन मोहल्लों मेहनिया, छज्जापुर राजघाट, नेहरूनगर, कश्मीरिया नई बस्ती, मुसहां, तलवापार, घसियारी टोला, मीरानपुरा आदि की गलियों में घुस गया।
इसके अलावा माझा उल्टहवा, माझा कला, अवसानपुर, इस्माइलपुर बेलदहा, करमपुर बरसावां, केवटला, पल्टूपीर आदि गावों के निकट बाढ़ का पानी पहुंच गया। नतीजा यह रहा कि संबंधित क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। उधर एसडीएम अभिषेक पाठक ने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।