महरुआ में मार्ग हादसे के बाद मौके पर एकत्र लोग व पुलिसकर्मी।
अंबेडकरनगर। अलग-अलग थानाक्षेत्र में हुए हादसे में बीते 48 घंटे के भीतर चाचा-भतीजे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें एक हादसा नेशनल हाईवे पर हुआ। इन घटनाओं से संबंधित परिवार में रोना पीटना मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर अमरौला निवासी सपा नेता मोहम्मद सन्नू का 21 वर्षीय पुत्र मोहम्मद आलम बृहस्पतिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जा रहा था। शहजादपुर पुलिस चौकी के निकट जलालपुर की तरफ से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें मोहम्मद आलम सड़क पर गिर पड़ा। सिर में चोट आने से बेहोश हो गया। उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था। जिला अस्पताल में इलाज के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। उधर दूसरा बाइक सवार बाल-बाल बच गया।
बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के बहलोलपुर जाफरगंज निवासी सुरेश (35), नन्हेलाल (40) व रामसुभग (45) एक ही बाइक से अमेठी जा रहे थे। बताया जाता है कि जब तीनों नेशनल हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के सुखारीगंज चौराहे के निकट पहुंचे तो इसी बीच सामने से आ रहे पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचते चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ। अकबरपुर कोतवाली व महरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरेश व नन्हेलाल को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि दोनों चाचा-भतीजे थे। रामसुभग की हालत गंभीर बनी हुई है। अकबरपुर कोतवाल बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुरेश बाइक चला रहा था। उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
थाना क्षेत्र जहांगीरगंज के ककरापार गांव के निकट बृहस्पतिवार देर शाम दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। इसमें थाना क्षेत्र के ही तिलकटंडा गांव निवासी मिथिलेश (30) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार सुतहरपारा निवासी रितेश व कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि रितेश (25) व कुनाल (26) एक ही बाइक से अतरौलिया रिश्तेदारी में जा रहे थे, जबकि मिथिलेश पदुमपुर बाजार से घर जा रहा था। बाद में मिथिलेश के पिता रामजतन की तहरीर पर जहांगीरगंज पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों पर केस दर्ज कर लिया।
उधर, थाना क्षेत्र जहांगीरगंज के गनपतपुर गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि विश्वनाथपुर गांव निवासी राजेश मिश्र (45) गनपतपुर गांव स्थित महेंद्र के घर के सामने खड़ा था। इसी बीच वहां खड़े ट्रैक्टर को अप्रशिक्षित चालक ने स्टार्ट कर दिया। वह उसे संभाल नहीं सका, जिससे राजेश उसकी चपेट में आ गया। सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।