जानकारी के मुताबिक जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गनपतपुर गांव निवासिनी खुशबू (17) पुत्री रामकेवल बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जाते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। उसे पहले सीएचसी जहांगीरगंज में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर निवासी राजमन (28) पुत्र रामआसरे मंगलवार देर शाम बाइक द्वारा अकबरपुर से वापस घर जाते समय नवीन मंडी परिसर के निकट पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना क्षेत्र के बेलउवा बरियार गांव निवासी आकाश (22) पुत्र रमापति मंगलवार देर शाम मालीपुर चौराहे के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। इस पर उसे व दूसरी बाइक पर सवार मनीष (19) पुत्र मंशाराम निवासी कल्यानपुर मालीपुर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भीटी थाना क्षेत्र के अढनपुर गांव निवासी अरशद (7) पुत्र मोहम्मद आलम बुधवार दोपहर गांव के निकट सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी भीटी ले जाया गया, यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।