स्थानीय तहसील क्षेत्र के बढ़इया गांव में मंगलवार शाम मधुमक्खी भगाने के लिए किए गए धुएं से निकली चिंगारी से पांच घरों का सारा सामान जलकर राख हो गया। इसमें तीन लाख रुपये की क्षति गृहस्वामियों को हुई है। सूचना पर अहिरौली थाने की फोर्स व अकबरपुर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह आग बुझाई जा सकी। थाना क्षेत्र अहिरौली के बढ़इया गांव में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब लोगों ने गांव निवासी कुलदीप के घर से लपेटें निकलती देखी। हुआ यह कि कुलदीप के घर में मधुमक्खी आ गई थी, उसे भगाने के लिए परिवारीजन धुआं पैला रहे थे।
तेज हवा के चलते धुएं के बीच से निकली चिंगारी भड़क गई। परिवारीजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें इस कदर उठनें लगीं कि परिवारीजन व ग्रामीण आग के नजदीक जाने का साहस नहीं कर पा रहे थे। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों द्वारा की जा रही मेहनत भी पर्याप्त साबित नहीं हो रही थी।
देखते ही देखते आग ने कुलदीप के घर का सारा सामान जलाकर राख कर दिया। आसपास स्थित घरों को भी आग ने अपनी आगोश में ले लिया। इससे गांव के अच्छेलाल, मयाराम, रामसूरत व छोटेलाल के भी घर व छप्पर जलकर राख हो गए।
आग बेकाबू होता देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर फायर स्टेशन व अहिरौली पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही अहिरौली एसओ अशोक यादव दलबल के साथ गांव पहुंचे। इसी बीच अकबरपुर फायर टीम भी मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण का कार्य शुरू हुआ।
करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना ने पांचों परिवारों को करीब तीन लाख रुपये की चपत लगाई है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से आवश्यक मदद की गुहार लगाई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य दीपक तिवारी, भाजपा नेता डॉ. अनुपम पांडेय व भीटी ब्लॉक प्रमुख गांव पहुंचे और ग्रामीणों को आवश्यक मदद का भरोसा दिलाया।