शहर के एकलव्य स्टेडियम में बुधवार को नेट्स पर तेज गेंदबाज की डाली गई गेंद पर शॉट लगाता बल्लेबाज
अंबेडकरनगर। प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाने के लिए जिले के पांच खिलाड़ी बृहस्पतिवार को आजमगढ़ रवाना होंगे। 23 से 29 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी अयोध्या मंडल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों ने बुधवार को शहर के एकलव्य स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। प्रशिक्षक मृत्युंजय सिंह की निगरानी में खिलाड़ियों ने अपनी भूमिका के अनुसार बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और गेंदबाजी का अभ्यास कर खेल कौशल को निखारा।
अयोध्या मंडल की टीम में जिले के बादल यादव, रितिक, यश त्रिपाठी, अंशुल वर्मा और अनुराज का चयन हुआ है। बादल यादव ने बल्लेबाजी के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी का अभ्यास किया। बल्लेबाज रितिक ने नेट्स पर बल्लेबाजी में हाथ आजमाए। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज यश त्रिपाठी ने बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की तैयारियों पर ध्यान दिया। मीडियम पेसर अंशुल वर्मा और अनुराज ने गेंदबाजी का अभ्यास कर अपनी तैयारियों को धार दी।
प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों ने अभ्यास के दौरान अपनी कमजोरियों को दूर करने और प्रदर्शन बेहतर बनाने पर जोर दिया। जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और अयोध्या मंडल का नाम रोशन करेंगे।