सावन के पहले सोमवार पर कांवरियों व अन्य शिवभक्तों के स्वागत के लिए शिवालय व शिव मंदिर पूरी तरह तैयार हो गए हैं। शिवालयों व मंदिरों की व्यापक साफ सफाई कराई गई है, जिससे वहां आने वाले श्रद्घालुओं को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
सोमवार को शिवालयों व मंदिरों में पूरे दिन जलाभिषेक के साथ ही हर हर महादेव का नारा गूंजता रहेगा। सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए प्रशासन ने विशेष पुलिस अधिकारियों व मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर रखी है, जिन्होंने अपनी अपनी ड्यूटी संभाल भी ली है।
यूं तो पांच सोमवार का अनुष्ठान पूरा करने के लिए पिछले सोमवार को ही तमाम श्रद्धालुओं ने शिवालयों व मंदिरों में जलाभिषेक किया था, लेकिन 25 जुलाई को सावन का पहला सोमवार पड़ने के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
इसे देखते हुए अकबरपुर नगर के निकट स्थित आस्था के सबसे बड़े केंद्र शिवबाबा धाम को पूरी तरह एक दिन पहले ही श्रद्घालुओं के लिए तैयार कर लिया गया। जिला प्रशासन के निर्देश पर यहां साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर परिषद अकबरपुर ने संभाल रखी थी।
अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा व अधिशाषी अधिकारी संगीता कुमारी ने यहां साफ सफाई की समुचित व्यवस्था एक दिन पहले ही पूरी करा दी। महंत ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सुबह से ही जलाभिषेक व पूजा अर्चना का दौर यहां शुरू हो जाएगा। अकबरपुर नगर के गायत्री मंदिर परिसर, मीरानपुर स्थित शिवालय घाट, शहजादपुर शिवालय घाट तथा कलेक्ट्रेट के निकट स्थित शिवमंदिर भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार सावन के पहले सोमवार को देखते हुए कांवरियों व शिवभक्तों में विशेष उत्साह व्याप्त है। सोमवार को नगर के तामेश्वरनाथ महादेव डुहिया, झारखंडनाथ महादेव छज्जापुर, नर्वदेश्वर महादेव मंदिर कस्बा कोइराना, नागेश्वरनाथ महादेव मंदिर चौक व उदासीन आश्रम में श्रद्घालु जलाभिषेक व विशेष पूजन अर्चन के लिए पहुंचेंगे। जलालपुर, भीटी व आलापुर तहसील प्रतिनिधियों के अनुसार क्षेत्र के शिवालयों व मंदिरों में सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए एक दिन पहले ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं।