अंबेडकरनगर में जलालपुर में उधार सामान न देने से नाराज युवक ने एक किशोरी के गाल पर तमंचा रखकर गोली मार दी। हमला करने वाला और कोई नहीं बल्कि किशोरी का चचेरा भाई है। रविवार सुबह जैतपुर थाना अन्तर्गत अजमलपुर गांव में हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। गोली लगने से किशोरी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने गोली मारकर भाग रहे युवक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन असलहा हवा में लहराते हुए वह भाग खड़ा हुआ।
सूचना पर पहुंची कटका व जैतपुर थाने की फोर्स ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच गंभीरावस्था में घायल किशोरी को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाद में किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अजमलपुर गांव निवासी अमीरचंद्र पुत्र महेंद्र रविवार सुबह गांव स्थित मेवालाल की किराना की दुकान पर पहुंचा। उस समय दुकान के बगल स्थित घर के बरामदे में मेवालाल की 16 वर्षीय पुत्री शशिकला खाना खा रही थी। युवक के सामान मांगने पर खाना छोड़कर उसे सामान देने लगी। जब उसने सामान का पैसा मांगे, तो युवक ने बाद में देने की बात कही। इस पर किशोरी ने सामान देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि इस पर युवक नाराज हो गया और अभद्रता करने लगा। जब उसने विरोध किया, तो नाराज युवक ने अवैध तमंचे से किशोरी के गाल से सटाकर गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर किशोरी की मां बाहर निकली और आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े और युवक को पकड़ने का प्रयास किया। बताया जाता है कि युवक असलहा लहराते हुए भाग खड़ा हुआ। जानकारी होते ही जैतपुर थानाध्यक्ष राकेश गुप्ता व कटका थानाध्यक्ष विजय तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच गंभीर रूप से घायल किशोरी को पहले सीएचसी रफीगंज, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। एसओ जैतपुर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले सीओ अशोक सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया।