धुएं से दोनों का घुटा दम, अकबरपुर नगर के सदरपुर में दर्दनाक हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के सदरपुर में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में टेंट हाउस में सो रहे दो युवकों की आग से झुलसकर मौत हो गई। इससे पहले अनुमान है कि धुएं के चलते दम घुटने से वे बचाव की कोशिश नहीं कर पाए। फायर टीम ने रात में ही आग पर काबू पाने के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अकबरपुर नगर के बाहरी छोर स्थित नेशनल हाईवे के निकट सदरपुर में शुक्रवार रात लगभग डेढ़ बजे करीब उस समय अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई जब लोगों ने स्थानीय नितिन टेंट हाउस से तेज धुआं निकलते देखा। फायर टीम को सूचना देने के साथ ही ग्रामीणों ने अंदर से बंद टेंट हाउस हाउस के दोनों शटर को खोलने का प्रयास किया। अंदर आग के चलते शटर के गर्म हो जाने के कारण उसे खोलने में सफलता नहीं मिल पाई।
फायर टीम मौके पर पहुंची तो लोगों ने बताया कि अंदर एक व्यक्ति भी फंसा हो सकता है। फायर कर्मियों ने एक शटर को तोड़कर आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की। थोड़ी ही देर में आग पर कुछ काबू पाने के बाद अग्निशमन कर्मी अंदर घुसे तो वहां देखा कि एक की बजाए दो व्यक्ति मरणासन्न पड़े हैं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उन दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अकबरपुर कोतवाल वीबी सिंह ने बताया कि दिवंगत युवकों की पहचान अकबरपुर नगर के इंद्रलोक कॉलोनी निवासी राजकुमार (27) तथा हंसवर थाना क्षेत्र के हीरापुर प्रीतमपुर निवासी सूरज (23) के रूप में हुई। इनमें से राजकुमार टेंट हाउस का कर्मचारी था जबकि सूरज वहीं पर लोहे की एक दुकान में काम करता था। वह अक्सर राजकुमार के साथ टेंट हाउस में सो जाता था।
कई तरह की अटकलें
टेंट हाउस में आग लगने को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। इसमें कुछ लोग जहां तारों के चलते शाॅर्ट सर्किट से आग लगना मानकर चल रहे हैं तो वहीं कुछ स्थानीय लोग हीटर से आग लगने की आशंका जता रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर कुछ लोगों ने कहा कि दोनों युवक हीटर पर ही खाना बनाते थे। खाना बनाने के बाद शायद हीटर बंद करना भूल गए। इसके चलते रात में किसी समय आग लग गई। हालांकि फायर टीम ने शॉर्ट सर्किट को ही कारण बताया है। कहा कि बिजली के बोर्ड आदि जले हुए थे।
नहीं मिला भागने का रास्ता
फायर सूत्रों के अनुसार टेंट हाउस में आग लगने की जानकारी अंदर सो रहे दोनों युवकों को काफी देर बाद हो पाई। आग शटर की तरफ से लगना शुरू हुई। अंदर काफी धुआं भर गया। इसके बाद दोनों को आग लगने की जानकारी हुई। उन दोनों ने बचने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों को मरणासन्न दशा में टेंट हाउस के पिछले हिस्से में पाया गया। वे जिस स्थिति में थे उसे देखकर यह लग रहा था कि उन्होंने बाहर निकलने की काफी कोशिश की लेकिन दम घुटने की वजह से वे ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। इसके बाद वे आग से झुलस भी गए। फायर टीम के अनुसार दोनों युवकों की मौत पहले दम घुटने से ही हुई।