आग से जलकर बुधवार सुबह एक महिला की मौत हो गई जबकि उसे बचाने में पति व सास भी गंभीर रूप से झुलस गए। महिला को जिला अस्पताल से ट्राॅमा रेफर कर दिया गया, रास्ते में उसकी मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
परिवारीजनों के अनुसार खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप फट जाने के बाद आग लगने से यह घटना हुई। सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बभनइया पूरब गांव निवासी बृजेंद्र के घर बुधवार सुबह उस समय कोहराम मच गया जब उसकी 23 वर्षीय पत्नी गीता आग से जलने लगी।
बृजेंद्र के अनुसार रसोईघर में खाना बनाने के दौरान गैस की पाइप पुरानी होने की वजह से फट गई। इससे अचानक आग लग गई। आग ने गीता के कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। उसकी चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद बृजेंद्र तथा उसकी मां आशा (50) मौके पर पहुंची और आग को काबू में करने का प्रयास किया।
हालांकि तब तक गीता बुरी तरह झुलस चुकी थी। बृजेंद्र व उसकी मां आशा भी आग से गंभीर रूप से झुलस गई। चीख-पुकार सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। आननफानन में तीनों को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल लाया गया, जहां से गीता को ट्राॅमा रेफर कर दिया गया, ट्राॅमा ले जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों को भर्ती कर लिया। उनकी हालत खतरे के बाहर बतायी जाती है।