अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बहोरिकरपुर मार्ग पर बने तमसा पुल के पास अज्ञात कारणों से लगी आग से पांच छप्परनुमा दुकानें जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों व ग्रामीणों की मदद से किसी तरह से आग पर काबू पा लिया गया। आग से करीब 50 हजार के नुकसान का अनुमान है। वहीं, ग्रामीणों की मानें तो शरारती तत्वों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बहोरिकपुर मार्ग स्थित तमसा नदी पर बने पुल के पास गोविंदपुर निवासी रामबूझ गौड़ व सिझौलिया निवासी जुनैद, सीताराम व फैज ने चाय की दुकान, जबकि नसीम ने साइकिल मरम्मत की दुकान कर रखा है। बताया जाता है कि बुधवार रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से जुनैद के छप्पर नुमा दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे छप्पर को अपनी जद में ले लिया और धू धू कर जलना शुरू हो गया। इस बीच आग की लपटों ने बगल स्थित नसीम, सीताराम, फैज व रामबूझ के भी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और जलना शुरू हो गया।
मामले की जानकारी पर संबंधित दुकानदार आननफानन में मौके पर पहुंच गए। जब तक वे आग पर काबू पाने की कोशिश करते तब तक दुकानें आधा से ज्यादा जल चुकी थीं। इस बीच घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड कर्मियों को दी गई। सूचना के करीब आधा घंटे बाद पहुंचे कर्मियों व ग्रामीणों की मदद से किसी तरह से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक पांचों दुकानें जलकर राख हो चुकी थी। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान रामबूझ को हुआ है। इनके दुकान में रखी पांच हजार नकदी समेत 2 किलोवाट का स्टेब्लाइजर के अलावा करीब 15 हजार रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
पांचों दुकान मिलाकर लगभग 50 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं ग्रामीणों की मानें तो यह कृत्य शरारती तत्वों ने किया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं पड़ी सकी थी। कोतवाल नीरज सिंह ने बताया कि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।