अंबेडकरनगर। ट्रक चोरी के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर अज्ञात चोरों के खिलाफ अकबरपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से परेशान वाहन स्वामी अकबरपुर के बरधामिउरा निवासी फूलचंद्र पाल (49) ने न्यायालय से गोहार लगाई थी।
फूलचंद्र पाल के ट्रक का संचालन उनके भाई हरिश्चंद्र पाल करते थे। भाई चालक के साथ ही किस्त व कर का भुगतान करते थे। ट्रक का परमिट 19 मई 2023 को समाप्त हो गया था और नवीनीकरण न होने के कारण वाहन को दोस्तपुर मार्ग पर चनवा चौराहे से पश्चिम लगभग 200 मीटर दूर एक खाली प्लॉट में खड़ा कर दिया गया था। 10 अगस्त 2025 तक ट्रक अपने स्थान पर खड़ा था। 14 अगस्त को वहां पहुंचने पर उन्हें ट्रक गायब मिला। आशंका है कि अज्ञात चोर सुनसान स्थान से वाहन चोरी कर ले गए। 16 अगस्त 2025 को कोतवाली अकबरपुर में सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने पहले खुद तलाश करने को कहा। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।