भीटी। क्षेत्र के कक्षा 12 के छात्र आर्यन निषाद की मौत के मामले में प्रधानाचार्य सहित स्कूल स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार की अदालत ने भीटी प्रभारी निरीक्षक को पिता अमरजीत की शिकायत पर उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना के निर्देश दिए हैं।
मामला अयोध्या के जाना बाजार स्थित एसडी मेमोरियल स्कूल का है। करमपुर निवासी अमरजीत ने आरोप लगाया था कि विद्यालय प्रशासन और शिक्षक आर्यन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। प्रधानाचार्य कौशल किशोर सिंह उसे कार्यालय और छात्रों के सामने अपमानित करते थे। शिकायत के अनुसार पिता की आपत्ति के बाद प्रधानाचार्य ने कक्षा अध्यापक शिखा मिश्रा, गुड्डू और भारती के सामने भी उसे डांटा। उस पर पढ़ाई में कमजोर और नशा करने के आरोप लगाए गए, परीक्षा में फेल करने की धमकी दी गई। कहा गया कि जब वह कुछ अच्छा नहीं कर सकता तो उसे जीने का अधिकार नहीं है। इससे आहत आर्यन ने नौ जनवरी को सल्फास खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम व पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता ने बताया कि सूचना के बावजूद स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने 23 मार्च को एसपी को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजी, वहां से भी कार्रवाई न होने पर अदालत पहुंचे। थाने की रिपोर्ट में कहा गया कि कोई मुकदमा दर्ज नहीं था और प्रारंभिक जांच में आरोपों के पुष्ट साक्ष्य नहीं मिले। कोर्ट ने कहा कि जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत सामान्य या प्राकृतिक नहीं थी और उपलब्ध सामग्री से प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध बनता है। कोर्ट ने विस्तृत जांच और एफआईआर की प्रति न्यायालय भेजने का निर्देश दिया।