आलापुर। आलापुर में मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर अवैध रूप से संचालित पैथाेलॉजी को सील करने के बाद अब प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष राय की तहरीर पर आदर्श पैथाेलॉजी के संचालक के विरुद्ध पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
बीते दिनों रामनगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आलापुर ब्लॉक मुख्यालय के सामने संचालित आदर्श पैथोलॉजी सेंटर पर छापेमारी की थी। पैथाेलॉजी सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण व अनुमति के संचालित किया जा रहा था। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर उसी दिन ही सेंटर को सील कर दिया गया था। जांच में सामने आया कि सेंटर संचालक राम अजोर के पास शैक्षणिक डिग्री तो थी, लेकिन शासन द्वारा अनिवार्य रूप से निर्धारित पैथाेलॉजी पंजीकरण व अनुमति पत्र उपलब्ध नहीं थे। सीलिंग के बाद पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल के आदेश पर डॉ. आशीष राय ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।