अंबेडकरनगर। रंगारंग कार्यक्रमों के बीच दो दिवसीय अंबेडकरनगर महोत्सव की भव्य शुरुआत बुधवार को हुई। अकबरपुर हवाईपट्टी व लोहिया भवन में हुए कार्यक्रमों में जिले की प्रतिभाओं ने अपनी शानदार कला का प्रदर्शन किया। डिप्टी सीएम के न आने पर पूर्व सांसद व सत्तारूढ़ दल के एमएलसी हरिओम पांडेय ने महोत्सव का शुभारंभ किया। डीएम सैमुअल पॉल एन ने महोत्सव को दो दिन के लिए आम जनता को समर्पित करते हुए कहा कि उनके मनोरंजन के लिए ही यह बड़ा आयोजन किया गया है।
करीब पखवाड़े भर से जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों के चलते बुधवार को अकबरपुर हवाईपट्टी परिसर मिनी कुंभ जैसे आयोजन में तब्दील हो गया। आम नागरिकों के मनोरंजन से लेकर उनके उठने-बैठने तथा खरीदारी से लेकर खाने-पीने तक के विशेष प्रबंध ने अंबेडकरनगर महोत्सव की शुरुआत को यादगार बना दिया। अधिकारियों व कर्मचारियों की लंबी-चौड़ी टीम ने जिम्मेदारी संभाल रखी थी।
तैयारियां डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आगमन की थीं लेकिन उनके न पहुंचने पर पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय ने भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी के साथ मिलकर महोत्सव की शुरुआत डीएम सैमुअल पॉल एन, एसपी अजीत कुमार सिन्हा, सीडीओ अनुराज जैन व एडीएम अशोक कुमार कनौजिया की मंच पर मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
एमएलसी व जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद स्थापना के गौरव को मजबूत बनाने के लिए ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह आयोजन हो रहा है। यह परंपरा संपूर्ण जनपदवासियों के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी जिम्मेदारी व व्यस्तता से प्रतिदिन गुजरता है। ऐसे में सुकून का अहसास कराने के लिए ही दो दिन तक आकर्षक व प्रेरणादायक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जा रही है। जिन कलाकारों की प्रतिभा को देखने के लिए नागरिकों को बाहर तक आने-जाने में पैसा खर्च करना पड़ता है, वह यहां अपने शहर में ही देखने को मिलने जा रहा है।