अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर। कृषि कार्य के महत्वपूर्ण समय में खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। 14 जुलाई से सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या बनी हुई है। जिलेभर की साधन सहकारी समितियों पर बुधवार सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। सर्वर ठप होने से ई-पॉस मशीनें काम नहीं कर सकीं और खाद वितरण शुरू नहीं हो पाया।
साधन सहकारी समिति शहजादपुर अकबरपुर में बुधवार सुबह नौ बजे से खाद लेने पहुंचे किसानों को बिना खाद लिए लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि धान सहित अन्य फसलों के लिए इस समय खाद की सबसे अधिक आवश्यकता है। खाद विक्रेताओं ने बताया कि सर्वर न चलने से आधार आधारित सत्यापन और ऑनलाइन बिलिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। नियमों के तहत ऑनलाइन प्रक्रिया के बिना खाद का वितरण संभव नहीं है। टांडा, जलालपुर, आलापुर और भीटी तहसील की सहकारी समितियों पर भी यही हाल देखने को मिला। किसानों का कहना है कि सर्वर सुबह नौ बजे तक ठीक चलता है। यदि समितियों को आठ बजे तक खोल दिया जाए तो किसानों को खाद मिल सकती है।
नहीं मिली खाद, निराश लौट किसान
सहकारी समिति शहजादपुर अकबरपुर में सुबह आठ बजे से किसान समिति पर खाद लेने के लिए पहुंचे, लेकिन सर्वर न चलने से खाद का वितरण नहीं किया जा सका। कोडरा निवासी अमित यादव ने बताया कि सर्वर की दिक्कत के कारण लौटना पड़ रहा है। सहकारी समिति अजमेरी बादशाहपुर में किसानों की भीड़ थी। खाद के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सुलेमपुर निवासी घनश्याम गुप्ता ने बताया कि मशीन में अंगूठा नहीं लग पा रहा है। दो घंटे इंतजार के बाद अब वापस घर जा रहा हूं। सहकारी समिति बसखारी प्रथम पर मौजूद सुल्तानपुर कबीरपुर निवासी किसान श्याम सुंदर ने बताया कि पिछले दो दिनों से खाद लेने के लिए समिति पर आ रहे हैं, लेकिन सर्वर की खराबी के चलते खाद नहीं मिल पा रही है।
निजी दुकानों पर किसानों का शोषण
समितियों पर सर्वर की दिक्कत के चलते निजी खाद दुकानदारों की चांदी हो गई है। समिति पर मिलने वाली 275 रुपये की खाद निजी दुकानों पर 300 रुपये में दी जा रही है। इसके साथ किसानों को दो बोरी सुपर 1200 रुपये और दो किलो सल्फर 160 रुपये अतिरिक्त लेना पड़ रहा है। इससे किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन
प्राथमिक सहकारी ऋण समिति कर्मचारी संघ ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने अवगत कराया कि 14 जुलाई से ई-पॉस मशीनें ठीक से काम नहीं कर रही हैं। इस तकनीकी खराबी के कारण किसानों को खाद का वितरण पूरी तरह ठप हो गया है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि यह समस्या जल्द नहीं सुलझाई गई, तो किसानों का आक्रोश भड़क सकता है। इसकी सीधी जिम्मेदारी सचिवों और कर्मचारियों पर आ सकती है। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष वशिष्ठ कुमार शुक्ला, जसवंत यादव और लाल बहादुर यादव मौजूद रहे।
कर रहे समाधान का प्रयास
सर्वर की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उच्च अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या का निदान कराया जाएगा।
- अरविंद चौधरी, जिला कृषि अधिकारी