राजेसुल्तानपुर। गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर में बृहस्पतिवार को मेधा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले 60 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल के इस विद्यालय की छात्राओं ने अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय का सम्मान बढ़ाया है। प्रधानाचार्य कप्तान सिंह ने योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों को इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों ने शिक्षा के साथ खेलकूद प्रतियोगिता में भी जनपद व मंडल स्तर पर नाम कमाया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम नारायण सिंह ने की। संचालन शिक्षक नेता उदय राज मिश्रा ने सफलतापूर्वक किया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक नेता राम चरण सिंह भी उपस्थित रहे। राजेश मिश्रा, राघवेंद्र कुमार और अमरनाथ पांडेय सहित कई अन्य लोग शामिल हुए।