प्रशासन से लेकर प्रत्याशियों तक ने सभी तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली हैं। पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को सुबह आठ बजे से शुरु होगी। मतगणना को देखते हुए आरओ व एआरओ के साथ जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जा रही है।
एक माह से चली आ रही जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब एक नवंबर को प्रात: आठ बजे से मतों की गणना कराई जाएगी। मतगणना चूंकि सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। सभी ब्लॉकों में मतगणना को लेकर तैयारियां एक दिन पहले पूरी कर लीं गईं।
जिला पंचायत सदस्य के 43 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1063 पदों के लिए कुल 6 हजार 286 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला एक नवंबर से होने वाली मतों की गणना के बाद हो जाएगा।
पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य पद के 208, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1666, दूसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य के 126, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1006, तीसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य के 166 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1429, चौथे चरण में जिला पंचायत सदस्य के 238 तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1447 प्रत्याशी मैदान में थे।
प्रशासन ने भी मतगणना को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। मतगणना के दौरान किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न होने पाए, इसके लिए मतगणना स्थलों पर बैरीकेडिंग की गई है। सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। एडीएम रामसूरत पांडेय ने बताया कि प्रत्याशियों के समर्थकों को मतगणना स्थल से 200 मीटर परिधि से दूर रखा जाएगा।
प्रत्याशी या फिर उनके अभिकर्ताओं को मतगणना कक्ष तक मोबाइल ले जाने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंनेे बताया कि मतगणना कक्ष में प्रत्याशी व प्रत्येक टेबल के लिए उसके अधिकृत अभिकर्ता ही को प्रवेश करने दिया जाएगा। मतगणना स्थल के बाहर लगे चार्ट के अनुसार ही प्रत्याशी व उनके अभिकर्ताओं को मतगणना कक्ष में प्रवेश करने दिया जाएगा।
मतगणना के लिए सभी ब्लॉकों में कुल 222 टेबल पर एक हजार 110 कर्मचारियों को लगाया गया है। इस प्रकार प्रत्येक टेबल पर पांच कर्मचारियों को लगाया गया है। मतगणना पर पैनी निगाह रखने के लिए 111 एआरओ को भी लगाया गया है।