अंबेडकरनगर। होली व रविवार के तीन दिन के अवकाश के पहले ही दिन एटीएम सेवा पूरी तरह बेपटरी हो गई। कहीं तकनीकी गड़बड़ी तो कहीं कैश की कमी होने के चलते एटीएम का लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल सका। नतीजतन रविवार को लगभग पूरे दिन उपभोक्ताओं को एक एटीएम बूथ से दूसरे बूथ का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा।
रविवार के अवकाश में अक्सर एटीएम सेवा बेपटरी हो जाती है। गौरतलब है कि उपभोक्ताओं को बैंक में लंबी लाइन न लगाना पड़े, इसके लिए एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा व ओरियंटल बैंक समेत कई अन्य बैंकों के 125 एटीएम बूथों की स्थापना की गई है।
आमतौर पर अवकाश के दिनों में ही बेपटरी होने वाली एटीएम सेवा रविवार को एक बार फिर से बेपटरी हो गई। होली के मद्देनजर सोमवार व मंगलवार को भी अवकाश रहेगा। ऐसे में अवकाश पहले ही दिन एटीएम सेवा पूरी तरह बेपटरी हो गई। और तो और जिला मुख्यालय पर ही विभिन्न बैंकों के 25 से अधिक एटीएम बूथ के सापेक्ष 16 बूथों का लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल सका।
नतीजतन सुबह से ही उपभोक्ताओं को एक एटीएम बूथ से दूसरे बूथ का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा। होली के मद्देनजर खरीददारी करने के लिए निकले उपभोक्ताओं को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उपभोक्ता सुशील कुमार व राजबली ने कहा कि वह खरीददारी के लिए निकले हुए थे। जिला मुख्यालय स्थित आधा दर्जन एटीएम बूथों का चक्कर लगाने के बाद उन्हें एक बूथ पर लंबी लाइन लगानी पड़ी।
शहजादपुर के जमशेद व अरुण कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अवकाश के दिनों में अक्सर एटीएम सेवा बेपटरी हो जाती है। त्योहार के मद्देनजर एटीएम सेवा सुचारु रूप से संचालित हो सके, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीरता दिखानी चाहिए थी।
एलडीएम अशीष सिंह ने बताया कि सभी एटीएम बूथ रविवार को सुचारु रूप से संचालित हुए। कहीं से किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। अगर कहीं कोई दिक्कत होगी तो उसे तत्काल दूर कराया जाएगा।