बस अड्डे पर बने अस्थायी रैन बसेरे में आराम फरमाता कुत्ता।
अंबेडकरनगर। जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद की तरफ से अकबरपुर के रोडवेज बस स्टेशन पर अस्थाई रैन बसेरा का इंतजाम किया गया है। लेकिन देखभाल न होने से यह रैन बसेरा बदहाल पड़ा है। सुविधाओं के नाम पर टेंट कनात से घिरे बसेरा में चंद फोल्डिंग पलंग व गद्दा रजाई ही मौजूद हैं। ड्यूटी में लगे कर्मचारी भी यहां निगरानी के लिए मौजूद नहीं रहते। इस कारण जरूरतमंदों की जगह फोल्डिंग पर आवारा कुत्ते आराम करते आसानी से देखे जा सकते हैं।
शनिवार को जब इस रैन बसेरे में उपलब्ध सुविधाओं की जमीनी हकीकत को परखा गया तो वह बेहद खराब हालत में देखी गईं। चारपाई पर अस्त व्यस्त बिस्तर पड़े थे। गंदगी भी फैली थी।
इस दौरान जो बिस्तर लोगों को लेटकर रात गुजारने के लिए बिछाए गए थे, उन पर कुत्ता आराम कर रहा था। ड्यूटी पर भी कोई पालिका कर्मचारी तैनात नहीं मिला। जबकि वहां लगे बोर्ड पर दिन और रात में अलग अलग ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के नाम दर्ज थे।
जरूरतमंदों का कहना था कि रैन बसेरा की देखभाल में बरती जा रही लापरवाही के कारण यहां व्याप्त गंदगी से ठहर कर रात बिताने में कई तरह की संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। नगर पालिका अकबरपुर की ईओ बीना सिंह ने बताया कि रैन बसेरे की देखभाल के लिए शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जाती है। अगर बिस्तर पर कुत्ते दिखे हैं, तो इसे लेकर संबंधित कर्मचारी से जवाब तलब कर कार्रवाई की जाएगी।