अंबेडकरनगर। अब ग्रामीणों को प्रमाणपत्र, आवेदन, पेंशन, राशन या योजनाओं की जानकारी के लिए तहसील या ब्लॉक का चक्कर नहीं लगाना होगा। ग्राम पंचायत भवनों को अब आधुनिक ग्राम सचिवालय का स्वरूप दिया जा रहा है। यहां जिला स्तरीय कार्यालयों जैसी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। आधुनिक फर्नीचर, साफ-सुथरे रिकॉर्ड रूम, पेयजल, ऊर्जा कुशल लाइटिंग, शौचालय और नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
जिले के सभी नौ विकासखंडों में 10-10 पंचायत भवनों को इस योजना में शामिल किया गया है। अकबरपुर विकासखंड में कनकपट्टी, सोनगांव और ताराखुर्द के भवन लगभग तैयार हैं। रामनगर ब्लॉक में नौ, टांडा में पांच और बसखारी में चार पंचायत भवनों को चयनित किया गया है। वहीं कटेहरी, जलालपुर, भीटी, जहांगीरगंज और भियांव ब्लॉकों में निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। डीपीआरओ सर्वेश पांडेय ने बताया कि चयनित पंचायत भवनों को दिसंबर तक आईएसओ मानक अनुरूप तैयार कर प्रमाणन प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।