अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र सम्मनपुर के कजपुरा गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरे फोन कॉल की रिकार्डिंग वायरल हो रही है। बूथ अध्यक्ष ने सम्मनपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जलालपुर तहसील क्षेत्र के कजपुरा निवासी सुभाष चंद्र गुप्त ने बताया कि शनिवार को करीब पौने तीन बजे उनके मोबाइल पर अरविंद नाम के एक व्यक्ति ने फोन किया। एक भूमि संबंधी मामले को लेकर धमकी दी जाने लगी है। कहा कि तुम्हें जमीन चाहिए तो मैं जमीन अच्छे से दिलाता हूं। अब ऊपर जाकर जमीन लेना। तुम्हारा खेल अब खत्म हो गया है। उन्होंने उससे कारण जानना चाहा तो फोन काट दिया।
इसके बाद सुभाष गुप्त ने घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर पुलिस टीम को दी। बाद में उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर भी दी और ऑडियो रिकार्डिंग भी सौंपी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एसओ वकील सिंह यादव ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। छानबीन कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।