अंबेडकरनगर। यातायात नियमों का पालन कर ही मार्ग हादसों पर अंकुश पाया जा सकता है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करने को लेकर न सिर्फ खुद जागरूक हों, बल्कि दूसरों को भी जागरूक करें। सभी के सहयोग से ही मार्ग हादसों पर अंकुश लग सकता है। यह बातें सोमवार को जिला मुख्यालय के शहजादपुर चौक में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात प्रभारी प्रदीप सिंह ने कही।
गौरतलब है कि एक दिन पहले 1 नवंबर से यातायात माह की शुरुआत हुई थी। इसे लेकर समूचे जिले में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने को लेकर अलग-अलग तरीके से जागरूक किया जा रहा है। कहीं जागरूकता संबंधित पंपलेट का वितरण किया जा रहा, तो कहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से। इसी के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय के शहजादपुर चौक में जिला यातायात प्रभारी प्रदीप सिंह के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक का आयोजन हुआ।
इस दौरान राहगीरों को रोककर उन्हें यातायात नियमों के बारे में न सिर्फ जानकारी हुई, बल्कि उसका पालन करने के प्रति जागरूक भी किया गया। कहा गया कि दो पहिया चलाने के दौरान जहां गुणवत्तायुक्त हेलमेट का प्रयोग करें, तो वहीं चार पहिया वाहन चलाने के दौरान सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें।
छात्राओं से आह्वान किया गया कि वे साइकिल चलाने के दौरान सड़क पर फैलकर न चलें, बल्कि एक के पीछे एक चलें। सड़क पर चलने के दौरान आपस में बातें न करें। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का प्रयोग न करें। यह अक्सर दुर्घटना का सबब बनते हैं। यह भी अपील करते हुए कहा कि नशा कर वाहन न चलाएं। इससे अक्सर मार्ग हादसे होते रहते हैं।