अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन फरवरी से प्रारंभ हो रही परीक्षा के लिए जिले में न सिर्फ नॉमिनल रोल पहुंच गया, बल्कि परीक्षकों की सूची भी डीआईओएस कार्यालय में पहुंच गई है। डीआईओएस कार्यालय से नॉमिनल रोल संबंधित विद्यालयों को भेजे जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बीते दिनों ही 106 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी हुई थी। इसके लिए 31 जनवरी तक आपत्ति व दावे मांगे गए थे। डीआईओएस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नौ फरवरी तक परीक्षा केंद्र की अंतिम सूची जारी हो सकती है। इससे पहले प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। तीन फरवरी से जिले के 264 इंटर कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। इसे सकुशल निपटाने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गईं।
डीआईओएस रवींद्र सिंह ने बताया कि जिले के 264 इंटरमीडिएट कॉलेजों में तीन फरवरी से प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए बीते दिनों माध्यमिक शिक्षा परिषद से डीआईओएस कार्यालय को नॉमिनल रोल व परीक्षकों की सूची प्राप्त हो गई थी। इसके बाद नॉमिनल रोल संबंधित विद्यालयों को भेज दिए गए। कहा कि अलग-अलग विद्यालयों में विभिन्न विषयों के लिए परीक्षा की तिथि आएगी। इसी के अनुसार ही परीक्षा होगी। बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा संपन्न कराई जाएंगी। कहा कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।