अंबेडकरनगर। मतदान को सकुशल निपटाने के लिए सोमवार को अकबरपुर नगर स्थित लोहिया भवन में माइक्रो ऑब्जर्वर को ईवीएम व वीवीपैट का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर निर्देशित किया कि प्रशिक्षण में मिलने वाली जानकारियों का मतदान के दिन शत-प्रतिशत प्रयोग करें। बाद में लोहिया भवन में ही 242 माइक्रो ऑब्जर्वर, वाहन चालक, क्लीनर, होमगार्ड ने बैलेट पेपर के माध्यम से मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान को सकुशल निपटाने के लिए सोमवार को मतदान में लगे माइक्रो ऑब्जर्वर को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अकबरपुर नगर स्थित लोहिया भवन सभागार में दिए गए प्रशिक्षण के दौरान उन्हें ईवीएम व वीवीपैट के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि मतदान के दिन यदि ईवीएम व वीवीपैट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी आती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर गड़बड़ी को दूर कराएं। इसके अलावा मतदान को सकुशल निपटाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस बीच जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन ने लोहिया भवन पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। जायजा लेने के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण लेने वालों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में मिलने वाली जानकारियों को मतदान के लिए शत-प्रतिशत प्रयोग करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस बीच प्रशिक्षण के दौरान 242 माइक्रो ऑब्जर्वर, वाहन चालक व क्लीनर तथा होमगार्ड ने पोस्टल बैलेट पेपर से मताधिकार का प्रयोग किया।