अंबेडकरनगर। पहले थर्मल स्क्रीनिंग कराओ, इसके बाद ही कार्यालय में प्रवेश मिलेगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट, विकास भवन, सीएमओ कार्यालय समेत कई अन्य सरकारी कार्यालयों के मुख्य गेट पर ही इस प्रकार की सख्ती दिखी। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए न सिर्फ मास्क की अनिवार्यता पर जोर दिया जा रहा है, बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विभिन्न कार्यालयों के मुख्य गेट पर ही प्रवेश करने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई। साथ ही विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने की भी अपील की गई।
जिले में कुछ दिनों से कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। लगभग प्रतिदिन कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को एक साथ सात नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब सरकारी कार्यालयों में सख्ती शुरू कर दी गई है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट, विकास भवन, सीएमओ कार्यालय, कृषि भवन समेत कई अन्य सरकारी कार्यालयों में मुख्य गेट पर ही आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था शुरू कर दी गई। कार्यालयों में पहुंचने वालों की न सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग की गई, बल्कि मास्क की भी अनिवार्यता सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के सख्त निर्देश के बाद शनिवार से प्रारंभ हुई थर्मल स्क्रीनिंग की प्रक्रिया के साथ ही आने वाले लोगों को कोरोना के प्रति न सिर्फ जागरूक किया गया, बल्कि कहा गया कि न सिर्फ कोरोना प्रोटोकाल का वे खुद पालन करें, बल्कि दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।