अंबेडकरनगर। अयोध्या से प्रशिक्षण लेकर लौट रहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने रविवार देर शाम अकबरपुर नगर के गौहन्ना चौराहे पर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। दरअसल वे जिस बस से आ रही थीं उस पर बैठे एक फौजी पर आरोप है कि उसने चालक की किसी बात को लेकर पिटाई कर दी। इसी से नाराज होकर महिलाओं ने हाईवे जाम किया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और आरोपी फौजी से पूछताछ की।
स्वयं सहायता समूह की 37 महिलाएं रविवार को अयोध्या में आयोजित प्रशिक्षण में भाग लेने गई थीं। वहां से वह एक निजी बस से देर शाम लौटने लगीं। उनका आरोप है कि रास्ते में बस पर सवार हुए एक फौजी का चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वह चलती बस में ही चालक से विवाद करने लगा। इसी बीच गौहन्ना चौराहे पर बस रुकी तो फौजी के दो तीन परिचित पहुंच गए और चालक की पिटाई करने लगे।
इससे नाराज महिलाएं बस से उतर गईं और गौहन्ना चौराहा पर जाम लगा दिया। महिलाओं के प्रदर्शन की खबर मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची। महिलाओं को समझा बुझाकर उसी बस से आगे रवाना किया। इसके साथ ही आरोपी फौजी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले जाया गया। कोतवाल बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि थोड़ी देर विवाद की स्थिति थी। फौजी से पूछताछ की जा रही है।