टांडा (अंबेडकरनगर)। पेड़ की छंटाई करने के दौरान करंट की चपेट में आने से घायल हुए युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर के केशवपुर गांव में शव पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच मौके पर पहुंचे सीओ व इब्राहिमपुर पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करा शव का अंतिम संस्कार करा दिया।
गांव निवासी रामरतन (35) गत 16 अक्तूबर को गांव के ही एक व्यक्ति के घर की छत पर चढ़कर पेड़ों की डालों की छंटाई कर रहे थे। इसी बीच ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में उसका हाथ छू गया। झटका लगने पर वह नीचे गिर पड़े। स्थानीय इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ लखनऊ रेफर कर दिया गया। शनिवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को जब शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों ने परिजनों को मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा शुरू करना चाहा। हालांकि इसी बीच सीओ शुभम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। 20 हजार रुपये देने के साथ ही आवास व भूमि का पट्टा दिलाए जाने का आश्वासन देकर मामला शांत करा दिया।