एनटीपीसी की आवासीय कॉलोनी में इंजीनियरिंग की एक छात्रा का शव शनिवार को फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। परिवारीजनों ने इसे आत्महत्या करार दिया है। पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एनटीपीसी की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले एनटीपीसी कर्मी अनिल कुमार जाटव की बहन रीता (17) का शव शनिवार सुबह उनके आवासीय परिसर में छत से लटकता पाया गया। कासगंज जिले के ब्रह्मपुर सोंगड़ी थानान्तर्गत बस्तौली निवासी अनिल के मुताबिक उनकी एक बहन रीता लखनऊ में गोविन्द बल्लभ पंत पालीटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रिकल प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
गत 17 अक्तूबर को ही वह यहां आयी थी। तब से यहीं रह रही थी। अनिल यहां अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। अनिल की एक और बहन यहीं पर रहकर रामअधार महाविद्यालय बड़ागांव में अध्यनरत है। वह तीन दिन पहले कासगंज के लिए चली गई थी। अनिल ने बताया कि रीता यहां 17 अक्तूबर से रह रही थी।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह वे सब सोकर उठे तो देखा कि एक कमरे में वह पंखे से लटक रही थी। उसकी जान जा चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में अनिल ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं कि रीता ने किन कारणों से आत्महत्या जैसा कठिन निर्णय ले लिया।
कहा कि वह जबसे आई थी, तब से सामान्य थी। ऐसी कोई दिक्कत भी उन सबको महसूस नहीं हो रही थी, जिससे उससे यह पूछताछ की जाती कि वह किसी उलझन में क्यों है। मौके पर पहुंचे एनटीपीसी चौकी प्रभारी रामआसरे चौधरी ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इब्राहिमपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसओ ने बताया कि मामला आत्महत्या का है। छात्रा ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह की जानकारी उनके भाई को भी नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई तय होगी।
उधर एएसपी राहुलराज ने छात्रा की मौत होने की पुष्टि की है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ और कहा जा सकेगा। वहीं एक अलग घटना में थाना क्षेत्र आलापुर के लाडलापुर गांव निवासी एक वृद्ध ने शुक्रवार देर शाम विषाक्त पदार्थ खा लिया।
जानकारी होने पर परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य बतायी जाती है। जानकारी के अनुसार लाडलापुर गांव निवासी रामलगन (60) ने पारिवारिक कलह के चलते शुक्रवार देर शाम विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई और उल्टी होने लगी।
सीने में तेज दर्द होने की जब उसने जानकारी दी तो परिवारीजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।