अकबरपुर के स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटवाती टीम।
अंबेडकरनगर। सड़क के किनारों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ पालिका और प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई की। शहर की सड़कों पर दुकानदारों ने पूरी तरीके से कब्जा कर रखा है, जिससे आए दिन जाम लग जाता है।
कई लोगों ने तो स्थायी तौर पर ही कब्जा कर रखा है। सोमवार देर शाम एसडीएम डॉ. शशिशेखर व नगर पालिका की ईओ बीना सिंह ने कोतवाली पुलिस के साथ नगर के फव्वारा तिराहा, स्टेशन रोड, ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर दुकानदारों की तरफ से किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अतिक्रमण हटवाने गई टीम को देखने के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने खुद से ही फैले सामान को हटा लिया, लेकिन कई लोग गायब हो गए। दुकानदारों से सात हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। ईओ ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई है कि वह सड़क पर सामान न रखें। स्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बंद दुकानों पर नोटिस चस्पा कर कार्रवाई की जाएगी।