जलालपुर में सुरहूपुर मार्ग पर जाम में फंसी एंबुलेंस।
जलालपुर। नगर पालिका जलालपुर में जाम राहगीरों की प्रमुख समस्या है। इसको लेकर पालिका जरा भी संजीदा नहीं हैं। सड़क तक फैले दुकानदारों का सामान व बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन, इस समस्या को और गंभीर कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को नगर के रजिस्ट्री ऑफिस होते हुए सुरहूरपुर जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लगा रहा, जिसके कारण एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। करीब आधा घंटे के मशक्कत के एंबुलेंस आगे बढ़ पाई।
एंबुलेंस चालक ने बताया कि सीएचसी नगपुर से महिला मरीज को घर छोड़ने जा रहे थे। पालिका क्षेत्र की जलालपुर-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर, महिला अस्पताल, कोतवाली और थाना जैतपुर को जाने वाला यही प्रमुख मार्ग है। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि बड़े वाहनों के आने में शहर के भीतर रोक लगाई जाएगी। इसके अलावा अभियान चलाकर दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण को हटवाया जाएगा।
अतिक्रमण पर कार्रवाई जरूरी
स्थानीय निवासी कन्हैया ने बताया कि जाम का मुख्य कारण सड़कों के दोनों तरफ अवैध रूप से अतिक्रमण है। जब तक अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं होगी, जाम से छुटकारा नहीं मिल सकेगा। सगीर अहमद ने बताया कि बड़ी गाड़ियों को डायवर्जन कर मालीपुर रोड से पूर्वांचल की तरफ भेजा जाए। पांच किलोमीटर की बचत के लिए बड़ी गाड़ियां इसी रास्ते से जाती हैं, जिसके कारण जाम लग जाता है।
सड़क के दोनों ओर खड़ी बसों से दिक्कत
बसखारी। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के दरगाह पर चल रहे अजमेरी मेले में बृहस्पतिवार को जायरीन की भीड़ के चलते पूरा दिन जाम की समस्या बनी रही। सुबह नौ बजे से ही जाम का सिलसिला शुरू हुआ तो वह देर शाम तक चल रहा था। पश्चिम बंगाल, बिहार, गोरखपुर, देवरिया सहित अन्य जगहों से जैसे ही जायरीनों की बस बसखारी में प्रवेश किया, वैसे ही जाम का सिलसिला बढ़ता गया। जाम की समस्या को देखते हुए चौकी इंचार्ज कमलेश यादव सहित भारी पुलिस बल दिनभर गाड़ियों को इधर से उधर करवाते रहे। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि भारी भीड़ के चलते जाम की समस्या उत्पन्न हुई है।