अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के लिए जिले के 114 केंद्रों की प्रस्तावित सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। परीक्षा केंद्रों को लेकर यदि किसी विद्यालय को कोई शिकायत या आपत्ति है, तो वे विद्यालय की आईडी के माध्यम से 22 दिसंबर तक परिषद के पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद जारी होने वाली अंतिम सूची के आधार पर ही बोर्ड परीक्षाओं का सफल संचालन किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। इस वर्ष जिले में कुल 71,998 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 36,901 और इंटरमीडिएट के 35,097 छात्र शामिल हैं। जांच के बाद केंद्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी इससे पूर्व बोर्ड द्वारा जारी 95 केंद्रों की अनंतिम सूची पर जिले भर से 135 आपत्तियां और प्रत्यावेदन प्राप्त हुए थे।
केंद्र बनाए जाने या हटाए जाने की इन मांगों का तहसील और जिला स्तरीय समितियों ने स्थलीय सत्यापन किया। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, कक्षों में बैठने की क्षमता, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, बिजली-पानी की उपलब्धता और विद्यालय के पिछले वर्षों के परीक्षा रिकॉर्ड की गहन समीक्षा की गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सभी मानकों और बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अब 114 केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त होने वाली वैध आपत्तियों पर विचार करने के बाद केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।