अंबेडकरनगर। भीटी इलाके में मंगलवार दोपहर एसओजी टीम और गांजा तस्करों के मध्य मुठभेड़ हो गई। इस दौरान टीयूवी और कार सवार आजमगढ़-गोरखपुर के तस्करों ने पुलिस घेराबंदी से बचने के लिए दो से तीन राउंड फायर किया। जवाब में पुुलिस की ओर से एक राउंड फायरिंग की गई, जिसमें कार का टायर पंचर हो गया और उसमें सवार महिला समेत तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने टीयूवी के दरवाजों और पीछे की लाइट के अंदर छिपा कर रखा करीब 40 किग्रा गांजा बरामद किया है। हालांकि, दो तस्कर वाहन छोड़कर भागने में कामयाब रहे।
भीटी महरुआ मार्ग स्थित पंचम कुटी के पास पेट्रोल पंप पर भीटी इंस्पेक्टर वीरेंद्र बहादुर सिंह, एसओजी टीम ने दोपहर करीब तीन बजे एक टीयूवी व कार को रोकने का प्रयास किया। कार में सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एसओजी की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें गोली एक कार के पहिये में जा धंसी। इससे कार का टायर पंचर हो गया। फिर भी बदमाशों ने भागने की कोशिश की। बाद में एसओजी टीम ने कई थानों की पुलिस टीम के साथ तेजापुर से अढ़नपुर जाने वाले खड़ंजे के पास घेराबंदी कर ली। टीयूवी में सवार दो बदमाश फायरिंग करते हुए वाहन छोड़कर भाग निकले। कार सवार तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान संदीप कुमार राजभर निवासी महाराजगंज आजमगढ़, सोनू चौहान व महिला इसरावती निवासी महरौली बेलीपार गोरखपुर के रूप में हुई। मामले की जानकारी लगते ही एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ टांडा शुभम कुमार, एसओ अहिरौली अभिषेक त्रिपाठी समेत कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस टीमों ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों वाहनों की जांच की, जिसमें कार से 36 पैकेट व टीयूवी गाड़ी से छह पैकेेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 40 किग्रा है। इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
बॉक्स
ओड़िशा-मध्य प्रदेश बॉर्डर से भीटी के सेनपुर ला रहे थे गांजा
पुलिस की ओर से की गई प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि पकड़े गए तस्कर ओड़िशा-मध्य प्रदेश के बॉर्डर से गांजा लेकर भीटी आए थे। यहां इन्हें सेनपुर में इस पूरे गिरोह के सरगना को गांजा की सप्लाई करनी थी। इसके पहले ही इसकी सूचना पुलिस को मिल गई। पकड़े गए तस्करों में संदीप के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। पुलिस की टीमें गैंग के सरगना व घटनास्थल से भागे तस्करों की तलाश में जुट गई हैं।
बॉक्स
अंबेडकरनगर व अयोध्या में होता था सप्लाई
इस गिरोह की ओर से अंबेडकरनगर के साथ अयोध्या व सुल्तानपुर जनपदों में गांजा की आपूर्ति की जाती रही है। भीटी इलाका सीमावर्ती होने के कारण तस्करी आसानी से हो जाती थी। अब पुलिस पूरे सिंडिकेट को तोड़ने में जुट गई है।
-
सरगना की तलाश शुरू
पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए तस्करों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में एक राउंड पुलिस की ओर से भी फायर किया गया। बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। घटनास्थल से भागे तस्करों व सरगना की तलाश शुरू की गई है। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अभिजीत आर शंकर, पुलिस अधीक्षक