अंबेडकरनगर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी मांगों को अकबरपुर ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन किया। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कहा कि संगठन लगातार कर्मचारियों के हितों को उठा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। बाद में डीएम के प्रतिनिधि के रूप में आए नायब तहसीलदार सदर को ज्ञापन सौंपा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मंडलीय पर्यवेक्षक दयाशंकर वर्मा व चन्द्रभूषण पाण्डेय के नेतृत्व में मंगलवार को राज्य कर्मचारियों ने अकबरपुर ब्लॉक में प्रदर्शन किया। इसमें वक्ताओं ने राज्य कर्मचारियों को पूर्व में मिल रही पेंशन व्यवस्था को मूलरूप से बहाल किए जाने, वार्षिक प्रविष्टि में अति उत्तम की बाध्यता समाप्त करते हुए सक्षम अधिकारी द्वारा वार्षिक प्रविष्ट प्रदान करने के लिए स्पष्ट निर्देश प्रदान करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा को कड़ाई से पालन कराने, केन्द्रीय कर्मचारियों के भत्तों पर निर्णय हो जाने के पश्चात प्रदेश के कार्मिकों को भी केन्द्र के समान भत्ता प्रदान करने, फील्ड कर्मचारियों को उच्च स्तरीय समिति में तयशुदा बाइक भत्ता प्रदान करने सहित 11 बिन्दुओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बाद में कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना पर डीएम राकेश कुमार मिश्र के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार सदर ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों का ज्ञापन लिया। इस मौके पर जिला संरक्षक रामनवन वर्मा, सूर्यभान, एएम त्रिपाठी, शिवकुमार, प्रमोद कुमार, कृपाशंकर मौजूद रहे।