अंबेडकरनगर। जिले में बुधवार रात बारिश के चलते शहर के साथ करीब 160 गांवाें की बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। कहीं तार टूट गया तो कहीं जंपर कट गया। कई बिजली घर भी ओवरलोड हो गए, जिसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। गर्मी और उमस के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
महरुआ बिजली घर से जुड़े वेस्ट, नसीपुर, महरूआ और पतौना फीडर से लगभग 100 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है, जो पूरी तरह बाधित रही। बुधवार देर शाम करीब सात बजे ही हीडीपकड़िया गांव के पास बिजली का तार टूटने से सरखने, चक्रसेनपुर, घनेपुर, हुसैनपुर, आदमपुर तिंदौली, किशुनीपुर, पतौना, बरामदपुर जरियारी, जमालपुर समेत 20 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मियों ने रात 9:30 बजे टूटे तार को जोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आपूर्ति बहाल होते ही लो-वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई। इसके बाद माधवपुर गांव के पास जंपर कटने से दोबारा बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात 10:30 बजे आपूर्ति सुचारू हुई।
रात 11:30 बजे सारंगपुर में बिजली का तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात दो बजे आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने चैन की सांस ली। अकबरपुर के गौहन्ना में 63 केवीए ट्रांसफार्मर में खराबी से पूरी रात करीब पांच हजार आबादी की बिजली बाधित रही। पहितीपुर बाजार में लगा ट्रांसफार्मर देर रात खराब हो गया।
उपभोक्ता दिनेश, सुरेश आदि ने बताया कि ओवरलोड ट्रांसफार्मर को बदला नहीं जा रहा है। बैरमपुर बरवा बिजली घर में भी खराबी से घंटों शहर सहित 50 गांव की बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार को भी बिजली का लुका छिपी का दौर जारी रहा। अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश के चलते फाॅल्ट हुए थे, जिन्हें ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
ओवरलोड होकर बंद होते रहे बिजली घर
भीषण गर्मी में बिजली घर भी दगा दे रहे हैं। रात 7:30 बजे साउथ वेस्ट बिजली घर की बिजली ओवरलोड होने से बंद हो गई। इसके बाद कुर्की फीडर को रात 08.30 बजे ओवरलोड के चलते बंद करना पड़ा। रात 09.30 बजे सदरपुर बिजली घर ओवरलोड से बंद कर दिया गया। इसके बहाल होने के बाद रात 10.30 बजे साउथ वेस्ट बिजली घर की बिजली गुल हो गई। आधे घंटे बाद रात 11 बजे सदरपुर बिजली घर की आपूर्ति ठप हो गई।