केदानगर क्षेत्र में भुवालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास उतरेतु-बरुआ जलाकी मार्ग पर शनिवार
केदारनगर। क्षेत्र में बुधवार शाम आंधी-बारिश के बाद गुल हुई बिजली कई गांवों में अब तक नहीं आई है। विभाग अब तक सड़क के बीच पड़े टूटे बिजली तार को भी नहीं हटा सका है। ऐनवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बसंतपुर, रयचनपुर, दुर्गापुर, तिवारीपुर, गोबराहा, अचलूपुर और भुवालपुर सहित कई गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।
ग्रामीण भक्तराम वर्मा, राकेश जायसवाल व परशुराम वर्मा के अनुसार करीब 1500 घरों की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। बिजली न होने से पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। भुवालपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास उतरेतु-बरुआ जलाकी मार्ग किनारे लगे बिजली के छह खंभे तेज तूफान में गिर गए थे। ग्रामीणों ने स्वयं प्रयास कर पोलों को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया, लेकिन पोल से जुड़े टूटे तार को हटाना उनके लिए संभव नहीं हो सका।
स्थिति यह है कि बिजली के तार अब भी सड़क पर पड़े हैं, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीण विक्रम वर्मा व सर्वजीत ने कहा कि विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। भुवालपुर गांव के मजुडीहवा, आशिक पूर्व का पूरा और उत्तर का पूरा में करीब 50 परिवार अलग से बिजली संकट झेल रहे हैं। ऐनवा उपकेंद्र के जेई रामजीत ने बताया कि विभागीय टीम गोबरहा क्षेत्र में मरम्मत कार्य में लगी है। अधिकातर गांवों की आपूर्ति शनिवार शाम तक बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। भुवालपुर गांव में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अगले दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा।