अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। ओवरलोड के चलते मशीनें गर्म हो जा रही हैं। ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से बचने के लिए उपकेंद्र पर ट्रांसफाॅर्मर व मशीनों को अपग्रेड किया गया, लेकिन कुछ बेकार हो गए। इस समय फाॅल्ट और बिजली कटौती से 10 घंटा भी बिजली मिलना मुश्किल है।
सेनपुर बिजली घर के गाेविंदापुर, समस्तीपुर समेत 15 गांवों की बिजली आपूर्ति बुधवार रात दो बजे बिजली घर में तकनीकी खराबी के चलते बाधित हो गई। देर रात भीटी उपकेंद्र का फ्यूज जलने से इससे संचालित बेला, महमूदपुर, रामपुर गिरंट समेत 20 गांव की बाधित आपूर्ति बृहस्पवितार की सुबह 10 बजे बहाल हो सकी। महरूआ, कटेहरी, जलालपुर, आलापुर में भी रातभर ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। अकबरपुर के वीआईपी फीडर के गांधीनगर, महानगर, शास्त्रीनगर समेत अन्य मोहल्लोंं की बिजली बृहस्पतिवार सुबह सात बजे गुल हुई। करीब आधे घंटे बाद 7.30 बजे बहाल हुई।
फिर आठ बजे गुल आपूर्ति आधे घंटे बाद बहाल हुई। यही हाल बरवा बैरमपुर बिजली घर का भी रहा। यहां भी पूरे दिन बिजली की लुका छिपी का खेल चलता रहा। इसके चलते लोगों के घरों के इन्वर्टर सही से चार्ज नहीं हो सके। बिजली चलित उद्योग धंधोंं पर भी इसका असर देखने को मिला। बनगांव मार्ग पर बिजली से चलने वाली चक्की पर गेहूं की बोरियों के ढेर लगे रहे। अधिशासी अभियंता आशीष यादव ने बताया कि फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।