बसखारी (अंबेडकरनगर)। विद्युत उपकेंद्र मकोइया की इनकमिंग केबल जलने से शुक्रवार सुबह सभी सात फीडर से होने वाली आपूर्ति ठप पड़ गई। नतीजा यह हुआ कि करीब एक लाख की आबादी को बिन बिजली पूरे दिन परेशान होना पड़ा।
टांडा स्थित मुख्य सब स्टेशन से मकोइया उपकेंद्र को आने वाली इनकमिंग लाइन की केबल जल गई। इससे सुबह होने के साथ ही हंसवर, सेमरा नसीरपुर, शुकुल बाजार, बसखारी, नई बस्ती व दरगाह समेत कुल सात फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। उपभोक्ता कड़ी गर्मी में परेशान हो गए। मुश्किलों को देखते हुए कर्मचारियों व अभियंताओं ने मोर्चा संभाला।
तेज धूप में ही जली कुई केबल को निकालने तथा नई केबल लगाने का कार्य शुरू हो गया। घंटों की मेहनत के बाद इसे शाम छह बजे करीब पूरा किया जा सका। देर शाम सात बजे के बाद सब कुछ दुरुस्त कर इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इससे पहले पूरे दिन बिजली न रहने से उपभोक्ताओं को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ा। (संवाद)