फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: कटौती ने किया बेहाल, ग्रामीण क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे बिजली मिलना मुश्किल

Thu, 17 Sep 2026 11:56 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। बिजली कटौती ने जिले में आम लोगों के साथ कारोबारियों और बुनकरों की परेशानी बढ़ा दी है। टांडा में बार-बार बिजली गुल होने से पाॅवरलूम का पहिया थम रहा है, वहीं कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी संकट बना हुआ है।
विज्ञापन

अकबरपुर शहर में लोकल फॉल्ट के चलते कटौती का सिलसिला बरकरार है। टांडा संवाद के अनुसार बुनकर बाहुल्य टांडा में बुधवार रात 33 केवी मुख्य आपूर्ति कई बार बाधित हुई। शाम 7:55 बजे बिजली गुल होकर 8:55 बजे बहाल हुई। इसके बाद रात 11:20 बजे आपूर्ति ठप हुई और 12:20 बजे बहाल हो सकी। रात करीब तीन बजे फिर बिजली चली गई, जो सुबह चार बजे लौटी। अलग-अलग फीडरों पर भी बिजली कटौती का सिलसिला जारी रहा।
लगातार कटौती से पावरलूम संचालन प्रभावित होने पर बुनकरों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बिजली बंद होते ही उत्पादन रुक जाता है और इसका सीधा असर रोजी-रोटी पर पड़ता है। बुनकरों ने निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। हजपुरा संवाद के अनुसार, सम्मनपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह तीन से पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कल्याणपुर विद्युत उपकेंद्र की 33 केवी मेन सप्लाई में दो घंटे की रोस्टिंग के चलते उपकेंद्र से जुड़े करीब 20 गांवों में सुबह के समय बिजली गुल रही।
विज्ञापन

केदारनगर संवाद के अनुसार ऐनवा और कलेसर फीडर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। ऐनवा फीडर से जुड़े मानस सिंह, अरुण पांडेय, अरविंद यादव और वैभव पटेल तथा कलेसर फीडर के वीरेंद्र वर्मा, कृष्ण कुमार यादव, राम अवध वर्मा और विकास कुमार ने बताया कि शिकायत करने पर जिम्मेदार अधिकारी ओवरलोड की समस्या बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि कम आपूर्ति मिलने के कारण समस्या आ रही है। शेष फॉल्ट होने पर तुरंत मरम्मत कराई जा रही है। पूरी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
-
समस्याओं के निस्तारण को हुई बैठक
आलापुर। क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष श्याम नाथ शुक्ला की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह के साथ बैठक हुई। अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव ने बताया कि ट्रांसमिशन से ही क्षेत्र को अपेक्षाकृत कम बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यक परिस्थितियों में ही शटडाउन लिया जाएगा और अनावश्यक शटडाउन से बचने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में गोविंद साहब मंडल अध्यक्ष विनय पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव आदि मौजूद रहे।

शुरू हुई नगर पालिका की बिजली
विद्युतनगर। बकाया बिजली बिल जमा न होने के कारण मंगलवार दोपहर काटी गई नगर पालिका परिषद टांडा की बिजली बृहस्पतिवार को सुबह जोड़ दी गई। अधिशासी अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि नगर पालिका की ओर से जल्द ही बकाया बिजली बिल जमा करने का आश्वासन दिया गया है। इसी आश्वासन के बाद नगर पालिका की बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी गई। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें