अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने सोमवार को विद्युत विभाग कार्यालय पर धरना दिया। कर्मचारियों ने जुलाई के मानदेय का भुगतान न होने पर नाराजगी जतायी। इसके अलावा 9 अन्य बिंदुओं को भी प्रमुखता से उठाया। कहा कि कर्मचारी लगातार अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग इस तरफ ध्यान नही दे रहा है। अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय अकबरपुर में धरना दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि संविदा कर्मचारी अपनी विभिन्न समस्याओं को लंबे समय से उठा रहे हैं। वक्ताओं ने जुलाई 2021 के बकाया मानदेय भुगतान, कर्मचारियों को अविलंब वर्दी मुहैया कराने, दुर्घटना के उपरांत उपचार कराने में होने वाली समस्याओं का समाधान किए जाने, सुरक्षा किट के नाम पर खानापूर्ति को रोके जाने, कर्मचारी को खंड के सक्षम अधिकारी द्वारा पहचान पत्र निर्गत करने, नए लोगों के भर्ती के नाम पर धन उगाही रोके जाने, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र औझीपुर से निकाले गए 5 कर्मचारियों को सेवा में लेने, कम्प्यूटर ऑपरेटर का बकाया मानदेय दिए जाने समेत अन्य कई मांगें कीं। बाद में अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल को सौंपा। मौके पर उपाध्यक्ष राजन चौधरी, पंकज मिश्र, रणबहादुर सिंह, नकुल चौधरी, बद्री विशाल सिंह व सुमित कनौजिया आदि मौजूद रहे। (संवाद)