अंबेडकरनगर। जिले के 60 फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली आपूर्ति का तोहफा मिल सकता है। यह निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। शर्त यह है कि इन फीडरों का लाइन लॉस 15 फीसद से कम होना चाहिए। ऐसा होने पर इन उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को न सिर्फ 24 घंटे बल्कि सस्ते दर पर बिजली उपलब्ध होगी। फिलहाल नेवादा व अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र का ट्रायल शुरू किया जा रहा है। शर्त पूरी होने पर इन दोनों उपकेंद्र से जुड़ी तीन लाख से अधिक आबादी लाभान्वित होगी।
अकबरपुर व नेवादा विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी तीन लाख से अधिक की आबादी को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की संभावना है। न सिर्फ 24 घंटे बिजली मिलेगी बल्कि सामान्य दर से कम राशि भी खर्च करनी पड़ेगी। दरअसल, बीते दिनों ही प्रदेश सरकार के ऊजामंत्री श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश के डेढ़ दर्जन से अधिक विद्युत उपकेंद्रों को ग्रीन जोन की श्रेणी में शामिल किया था। इसमें अंबेडकरनगर के अकबरपुर व नेवादा विद्युत उपकेंद्र भी शामिल हैं। मंत्री द्वारा जारी निर्देश में कहा गया कि जिन उपकेंद्रों का चयन किया गया है, उसकी समीक्षा के दौरान यदि लाइन लॉस 15 फीसदी से कम पाया जाता है तो संबंधित उपकेंद्र के उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विभाग ने जो तैयारी की है, उसमें न सिर्फ विद्युत चोरी रोकने बल्कि शत-प्रतिशत बिल जमा करने का लक्ष्य है।
शासन के दिशा निर्देश के आधार पर अकबरपुर व नेवादा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 60 फीडरों पर ट्रायल शुरू कर दिया गया है। तीन माह के ट्रॉयल में न सिर्फ लाइन लॉस 15 फीसद से कम करने पर जोर दिया जाएगा बल्कि 85 प्रतिशत से अधिक बिजली बिल जमा कराने पर भी पावर कॉरपोरेशन का फोकस रहेगा। ऐसे में यदि शासन के दिशा निर्देशानुसार ट्रायल में सब कुछ सही पाया जाता है तो आने वाले समय में इन दोनों उपकेंद्रों से जुड़ी तीन लाख से अधिक की आबादी को निर्बाध 24 घंटे की बिजली मिलेगी। इन दोनों उपकेंद्र के बाद जिले के 58 अन्य उपकेंद्रों को भी योजना के तहत क्रमवार ढंग से शामिल किया जाएगा।
अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र से जड़े उपभोक्ता राजितराम, शहाब परवेज, अनुराग श्रीवास्तव, हर्ष गुप्ता व श्यामजी ने कहा कि सरकार का यह कदम अत्यंत सराहनीय है। अब पॉवर कॉरपोरेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वह संबंधित फीडर का लाइनलॉस 15 फीसद से कम करे। इसके साथ ही संबंधित उपभोक्ताओं की भी जिम्मेदारी है कि वह समय पर बिजली बिल जमा करे। नेवादा विद्युत उपकेंद्र के उपभोक्ता नेहाल तिवारी, अभिषेक चौरसिया व दीपक सोनी ने कहा कि उपभोक्ताओं को 24 घंटा निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने को लेकर सरकार ने जो कदम उठाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि शासन के दिशा निर्देश का पालन करते हुए योजना का शतप्रतिशत लाभ उठाएं।
अकबरपुर व नेवादा विद्युत उपकेंद्र को ग्रीन श्रेणी में शामिल किया गया है। इन दोनों विद्युत उपकेंद्रों के फीडरों की लाइन लॉस 15 फीसद से कम होगा और शत-प्रतिशत बिल जमा होगा तो उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए ट्रॉयल भी शुरू कर दिया गया है।
- एके दोहरे, अधीक्षण अभियंता, विद्युत