अंबेडकरनगर। विधानसभा क्षेत्र जलालपुर में निर्वाचन संबंधी व्यय संवेदनशीलता की जानकारी लेने के लिए व्यय प्रेक्षक डॉ. महेश खुमकर ने दौरा किया। उन्होंने ग्राम कमालपुर एवं कन्नूपुर इलाके में पहुंचकर मतदान आदि को लेकर गहनता से समीक्षा भी की। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए उन्होंने शराब समेत विभिन्न तरह के प्रलोभन पर अंकुश लगाने तथा किसी के दबाव में न आने को लेकर उड़नदस्ते एवं स्थाई निगरानी टीम को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
विधानसभा क्षेत्र जलालपुर उपचुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को व्यय प्रेक्षक डॉ महेश खुमकर ने एसएसओ जलालपुर प्रदुम्मन सिंह व पुलिस कर्मियों की टीम के साथ निर्वाचन संबंधी व्यय से जुड़ी तमाम बिन्दुओं पर गहनता से चर्चा करते हुए जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने ग्राम कमालपुर एवं कन्नूपुर इलाके की समीक्षा की। व्यय निरीक्षक ने पुलिस कर्मियों समेत उड़ने दस्ते एवं निगरानी टीम को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव कराने का निर्देश दिया। कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि वह चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी सक्रियता से उस पर नजर रखें। इस दौरान उन्होंने उड़नदस्ते के सदस्य विजय प्रकाश मिश्र से दूरभाष पर बातचीत कर उनका लोकेशन की जानकारी भी ली।
निरीक्षक ने आम जनमानस से चुनाव को लेकर कई बिन्दुओं पर चर्चा की। भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार के दबाव से निपटने के लिए आयोग द्वारा कई प्रकार की टीमों का गठन किया गया है। यदि इस तरह का कोई दबाव बनाता है तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित टीम को दें।
निष्पक्ष चुनाव में शराब व रिश्वत देने जैसी किसी भी गतिविधि को नाकाम करने के लिए गठित टीमों को अपना योगदान देना होगा। बाद में निरीक्षक ने टीम के साथ प्राथमिक विद्यालय गौरा कमालपुर एवं प्राथमिक विद्यालय कन्नूपुर मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।