अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में प्रधान के पांच पदों के लिए हुए 14 व क्षेत्र पंचायत के दो पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र की गुरुवार को जांच हुई। सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। 28 जून को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए एक-एक नामांकन होने के चलते संबंधित प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है।
ग्राम प्रधान पद के लिए अकबरपुर विकास खंड के हरीपुर जगदीशपुर में राकेश व राजेंद्र, जहांगीरगंज विकास खंड के टिकोरिया खुर्द में राकेश कुमार यादव व रमाशंकर पाल, नसीरपुर छितौना में ऊषा, पुष्पा व सीमा पाण्डेय, बसखारी विकास खण्ड के नरकटा वैरागीपुर में रतनाकर यादव, सुनीता व विद्या, रामनगर विकास खण्ड के हुसैनपुर मुसलमान में यासमीन, नसीरन फातिमा, शहनाज अंजुम व शमीमा खातून ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।
गुरुवार को संबंधित विकास खंड कार्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन पत्रों की जांच हुई। प्रभारी जिला सूचना अधिकारी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि जांच में सभी नामांकनपत्र वैध पाए गए। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी होगी। इसके बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।
डॉ. द्विवेदी ने बताया कि टांडा विकास खंड के दहियावर प्रथम में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए मात्र एक नामांकन राजकुमार व भियांव विकास खंड के मराहरा में भी मात्र एक नामांकन रामनिहाल ने किया था। जांच में इनके नामांकन पत्र वैध पाए गए। ऐसे में अब इनके निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है।