जहांगीरगंज। क्षेत्र के बारीडीह सिकंदरपुर निवासी हरिमोहन यादव की शनिवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह लखनऊ से लौट रहे अपने छोटे बेटे को बाइक से लेने रामनगर जा रहे थे।
मृतक की पत्नी सुदामा के मुताबिक उनके पति हरिमोहन (60) किसान थे। उनका बड़ा बेटा धर्मेंद्र अयोध्या में व छोटा जितेंद्र लखनऊ की निजी संस्था में नौकरी करता है। शनिवार को जितेंद्र लखनऊ से घर वापस आ रहा था। रात नौ बजे हरिमोहन बेटे का बाइक से लेने रामनगर जा रहे थे। गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार गति से आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। वह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनके पति की मौत हो गई।
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार सिकंदरपुर निवासी अमित और हंसवर के हीरापुर निवासी अवधेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी सुदामा अचेत हो गईं। बेटे धर्मेंद्र, जितेंद्र, बेटी राजकुमारी, बृजकांत व अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।