अंबेडकरनगर। बुजुर्ग का अपहरण कर 12 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुजुर्ग को हंसवर थाना क्षेत्र से सकुशल खोज निकालते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
दो दिन पहले कटका पुलिस को बताया गया कि गोविंदसाहब अहिरौली निवासी सोहनलाल (60) का कुछ लोगों ने न्यौरी के पास से अपहरण कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। एसपी अजीत सिन्हा ने सर्विलांस सेल के साथ ही सीओ जलालपुर देवेंद्र कुमार मौर्य को घटना के खुलासे का विशेष जिम्मा सौंपा।
पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से जांच शुरू की तो पता चला कि बुजुर्ग को पहले निकटवर्ती जनपद आजमगढ़ के अतरौलिया ले जाया गया। इसके उसे अंबेडकरनगर के ही हंसवर में बंधक बनाकर रखा गया है। मालूम हो कि इससे पहले बुजुर्ग के पुत्र को फोन कर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। अपहरण करने वाले लोगों का कहना था कि सोहनलाल ने बीते दिनों दिल्ली में रहने के दौरान उनका कुछ सामान ले लिया है।
पुलिस ने बुधवार को हंसवर में छापा डालकर बुजुर्ग को सुरक्षित खोज निकाला। उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामले में अमड़ी गांव निवासी सुनील यादव के अलावा धर्मेंद्र व पंकज को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बुजुर्ग को सकुशल खोज लेने पर पुलिस टीम की प्रशंसा की।