सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। भीटी थाना क्षेत्र के ग्राम पांडेय का पूरा खजुरी में बीते बुधवार को आई तेज आंधी में सीमेंटेड शेड गिरने से दबकर घायल हुए बुजुर्ग राम निहोर (76) की बृहस्पतिवार शाम मौत हो गई।
बीते 29 अप्रैल की शाम जब वे शेड के नीचे बैठे थे, तभी तेज आंधी के कारण दीवार और शेड अचानक गिर गए। मलबे के नीचे दबने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें बाहर निकाला और पास के ही एक निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराकर घर ले आए। पर्याप्त इलाज न मिल पाने के कारण बृहस्पतिवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के परिवार में दो बेटे मुन्नीलाल व उदयराज और एक विवाहित पुत्री शकुंतला हैं। एसडीएम भीटी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल के माध्यम से जांच करा ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।